वंचित वर्गों को न्याय दिलाने और संविधान का निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले आंबेडकर जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : श्रीहरि प्रताप शाही
बलिया: डॉ भीमराव आम्बेडकर जी की जयंती मंगलवार को पूरी सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें वक्ताओं ने अंबेडकर के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला।
गोष्ठी की शुरुआत में जिलाधिकारी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर दीप प्रज्ज्वलन किया। फिर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनको याद किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि दुनिया में सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अगर आवाज उठी तो यह आंबेडकर जी के प्रयास की ही देन थी। सामाजिक असमानता को दूर करने, वंचित वर्गों को न्याय दिलाने और संविधान का निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले आंबेडकर जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। अपर जिलाधिकारी राम आसरे, डिप्टी कलेक्टर सुरेश पाल, एसओसी धर्मराज यादव समेत अन्य अधिकारियों ने डॉ भीमराव के व्यक्तित्व और कृतित्व व उनके जीवन से जुड़ी घटनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। संचालन प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी श्रीवास्तव ने किया।